बरेली। अमेरिका की प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विनय ऋषिवाल को सम्मानित किया गया। उनकी टीम ने दृष्टिबाधित लोगों की सहायता के लिए विकसित स्मार्ट चश्मे का प्रदर्शन किया। इसकी उपयोगिता और प्रस्तुति को दर्शकों का विशेष समर्थन मिला। ई-वियर-एक्स प्राइज 2026 में दुनिया भर से चयनित 13 टीमों के बीच भारतीय टीम को पीपुल्स च्वाइस अवार्ड से नवाजा गया। प्रतियोगिता में सिंगापुर, चीन, जापान की क्योटो यूनिवर्सिटी, नीदरलैंड, जर्मनी और अमेरिका की टीमों ने भी हिस्सा लिया।
तीन विशेषज्ञों की भारतीय टीम ने विकसित किया विजनप्रो स्मार्ट चश्मा
भारतीय टीम में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल, न्यूयॉर्क स्थित कैडर टेक लैब्स के संस्थापक मुनीर खान और देहरादून स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज के सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद साकिब शामिल रहे। टीम को बायोटेक ओपन पिच श्रेणी में यह सम्मान मिला। टीम ने विजनप्रो नाम से विशेष स्मार्ट चश्मा विकसित किया है। इसमें लगे कैमरे की मदद से सामने मौजूद वस्तुओं की पहचान की जा सकती है। यह किताबों, दस्तावेजों और अन्य लिखित सामग्री को पढ़कर आवाज के माध्यम से सुनाने में भी सक्षम है।
आवाज और कंपन के संकेत से दृष्टिबाधित लोगों को मिलेगी मदद
विजनप्रो स्मार्ट चश्मे में कंपन के माध्यम से संकेत देने की सुविधा भी दी गई है। इससे उपयोगकर्ता बिना स्क्रीन देखे जरूरी संकेत महसूस कर सकता है। चश्मे के जरिए आसपास मौजूद वस्तुओं और परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस तकनीक का उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों को रोजमर्रा के कामों में अधिक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है। परियोजना के माध्यम से टीम ने दिखाया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक सेंसर तकनीक का इस्तेमाल सामाजिक समस्याओं के समाधान और दिव्यांगजनों का जीवन आसान बनाने में किया जा सकता है।
