मथुरा। मथुरा-वृंदावन में शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से व्यापारिक और होटल जगत में हलचल मच गई। गाजियाबाद से पहुंची विभाग की अलग-अलग टीमों ने सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच एक साथ कई बड़े ठिकानों पर सर्वे शुरू किया। कार्रवाई के केंद्र में वृंदावन स्थित रेडिसन होटल और धौली प्याऊ क्षेत्र में कारोबारी शंकर सेठ के तीन गुरुकृपा होटल रहे। आयकर विभाग की इस कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया था। तड़के करीब पांच बजे चार दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ अधिकारियों की टीमें मथुरा पहुंचीं। इसके बाद अलग-अलग टीमों में बंटकर अधिकारियों ने कई प्रतिष्ठानों पर एक साथ जांच शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारियों में खलबली मच गई।
कारोबारी रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच
टीमों ने प्रतिष्ठानों के अंदर पहुंचते ही कारोबारी रिकॉर्ड, बहीखाते, कंप्यूटर डाटा और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। अधिकारियों ने संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर गहन पड़ताल की। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस आधार पर की गई और जांच में क्या सामने आया है।
डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण फिर चर्चा में
आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद कारोबारी शंकर सेठ से जुड़े पुराने विवाद भी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। मथुरा-वृंदावन के होटल और रियल एस्टेट कारोबार में सक्रिय शंकर सेठ का नाम पूर्व में वृंदावन के चर्चित डालमिया बाग में हरे पेड़ों के कटान के मामले से जुड़ा रहा है। इस प्रकरण में पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे थे और मामला प्रशासनिक स्तर तक पहुंचा था। इस मामले में जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की बात भी सामने आई थी। सूत्रों के हवाले से यह चर्चा भी है कि आयकर विभाग की कार्रवाई केवल होटल परिसरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े कुछ अन्य लोगों और प्रॉपर्टी कारोबारियों के ठिकानों पर भी टीमों ने दस्तक दी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी कार्रवाई को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं। सर्वे में क्या मिला और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। आधिकारिक पुष्टि के अभाव में शहर के व्यापारिक गलियारों में दिनभर कार्रवाई को लेकर चर्चाओं और कयासों का दौर जारी रहा।
