मेरठ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेरठ पुलिस ने उसे कोतवाली थाने का आधिकारिक हिस्ट्रीशीटर घोषित कर दिया है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब उसकी गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर रखेगी। उसे हर महीने थाने में हाजिरी भी देनी होगी। पुलिस के मुताबिक, फिरोज का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीटर घोषित होने के बाद उसकी गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाएगी।
असलम पहलवान के घर फायरिंग का वीडियो हुआ था वायरल
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ समय पहले सराय बहलीम निवासी फिरोज उर्फ भूरा अपने साथियों के साथ सलमान गिरोह के शूटर और हिस्ट्रीशीटर असलम पहलवान के घर पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
500 करोड़ की जीएसटी चोरी और 10 लाख रुपये के लेनदेन से जुड़ा विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, इस विवाद की जड़ करीब 500 करोड़ रुपये की कथित जीएसटी चोरी और पैसों के लेनदेन से जुड़ी बताई जा रही है। आगरा जेल में बंद दिलशाद मलिक की सेटिंग कराने के लिए उसके भाई शहजाद ने 10 लाख रुपये दिए थे। रकम वापस नहीं मिलने पर असलम पहलवान के जरिए वसूली का प्रयास किया गया। इसी विवाद के बढ़ने के बाद फायरिंग की घटना हुई। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि फिरोज के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, सील मकान में अवैध प्रवेश और पासपोर्ट नवीनीकरण में फर्जीवाड़े समेत कुल 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नवंबर 2022 में अवैध मीट फैक्ट्री और उससे जुड़े मामलों में गिरफ्तारी के बाद फिरोज करीब 96 दिन जेल में रहा था। इसके बाद सितंबर 2026 में असलम पहलवान के घर हुई फायरिंग के मामले में उसे दोबारा जेल भेजा गया था। फिलहाल अदालत से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद बीट कांस्टेबल उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे और हर महीने थाने में उसकी हाजिरी दर्ज की जाएगी।
