बरेली : यूपी के बरेली जिले में अपराधियों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की रात दो कुख्यात लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इसमें से एक को गोली लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ 25 और 26 जुलाई की रात उस वक्त हुई, जब पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि दो संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ धनेटा से झुमका तिराहे की ओर जा रहे हैं। थाना प्रभारी सुरेन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी की।
एक आरोपी पुलिस की गोली से घायल
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/4efkdxABIUA?si=LmUF05cSSmuRppMG
जैसे ही बाइक सवारों को रोका गया। उन्होंने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त अवधेश सिंह के पैर में गोली लगी और उसे घायल हालत में काबू किया गया, जबकि दूसरा लुटेरा विष्णु कश्यप मौके से ही पकड़ा गया।
बरामद सामान और लूट का कबूलनामा
पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस,एक नाजायज चाकू,4300 नगद,और लूटी गई काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने कई हालिया लूट की वारदातों को स्वीकार किया है। 20 जुलाई को इन्होंने एक व्यक्ति से बाइक और मोबाइल छीना था। एक महिला से सोने के कुंडल लूटकर 10,000 में बेचने की बात भी मानी गई है।
अब पुलिस को तीसरे साथी की तलाश
दोनों लुटेरे बरेली के सतुईया पट्टी गांव के निवासी हैं। इनके खिलाफ पहले से 307, 351आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके तीसरे साथी महेन्द्र सिंह की तलाश में जुटी है। घायल अवधेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि विष्णु को थाने में हिरासत में रखा गया है।
जानें पुलिस को क्या दिया संदेश
पुलिस ने कहा कि “ये कार्रवाई न सिर्फ एक सफलता है, बल्कि समाज को यह साफ संदेश देती है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे जितना चालाक हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।”
