बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के मुताबिक थाना नवाबगंज में 10 अगस्त 2026।को एफआईआर संख्या 425/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5G/6 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में नामजद आरोपी विमलेश कुमार (27 वर्ष), पुत्र जयपाल, निवासी ग्राम पंडरी, समीप बरौर, थाना नवाबगंज, बरेली की तलाश की जा रही थी।
कहीं भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस का कहना है कि 12 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम डेम क्षेत्र के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा,दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 450 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तारी का समय पुलिस ने रात करीब 10:47 बजे बताया है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विमलेश कुमार के रूप में बताई, जो दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के दर्ज मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
