उझानी के मीहलाल नगला गांव में तड़के पांच बजे हुआ हादसा, पशुओं को खोलने गई थी महिला; एसडीआरएफ ने मलबा हटाकर पशुओं को बाहर निकाला
बदायूं: उझानी क्षेत्र के गांव मीहलाल नगला में बृहस्पतिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। प्रताप सिंह के दोमंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय उनकी पत्नी अगरवती पशुओं को खोलने के लिए मकान के पास गई थीं। मलबे में दबने से उनकी मौत हो गई। हादसे में तीन पशुओं की भी जान चली गई।
बताया गया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे प्रताप सिंह के दोमंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के दौरान वहां अगरवती और चार पशु मौजूद थे। अगरवती बाहरी हिस्से में दब गई थीं। ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला पशुओं को खोलने के लिए वहां गई थीं।
मकान गिरने से चार पशु भी मलबे में दब गए। हादसे में तीन पशुओं की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। नगर पालिका उझानी से जेसीबी भी बुलवाई गई। एसडीआरएफ की टीम ने मलबा हटाने का काम शुरू किया। मलबा हटाने के बाद मृत पशुओं को बाहर निकाला गया।
बताया गया कि इस मकान में कोई नहीं रहता था। मकान का अगला हिस्सा पहले से ही दरका हुआ था। लगातार बारिश में भीगने के कारण हिस्सा और कमजोर हो गया था, जिसके बाद वह अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में प्रताप सिंह के छोटे भाई नन्हे के मकान का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
मृतका के बेटे विपिन ने बताया कि उनकी मां पशुओं को खोलने के लिए गई थीं। इसी दौरान मकान का हिस्सा गिर गया और वह मलबे में दब गईं। प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ इसी मकान के पास बने दूसरे मकान में रहते हैं। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे से गांव में भी शोक का माहौल है।