बदायूं में डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ पर जानलेवा हमला, चार नामजद आरोपी गिरफ्तार; कोर्ट ने भेजा जेल
गोवंश घायल होने के बाद ग्रामीणों ने डॉक्टर की कार को घेरा, डॉक्टर को कार से घसीटकर पीटने का आरोप; सात नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट
बदायूं: म्याऊं क्षेत्र में मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल सिद्धार्थ पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर की ओर से सात नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गोवंश घायल होने के बाद भड़की भीड़
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बिचपुरी गांव के पास एक कार की टक्कर से गोवंश घायल हो गया था। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल सिद्धार्थ की कार को घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने पहले कार को पलटने की कोशिश की। इसके बाद डॉक्टर को कार से बाहर खींचकर सड़क पर गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की गई।
डॉक्टर को घसीटकर पीटने का आरोप
आरोप है कि भीड़ ने डॉ. राहुल सिद्धार्थ को लात-घूंसों से पीटा और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह डॉक्टर को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया। घटना के दौरान डॉक्टर के साथ मारपीट के कई वीडियो भी सामने आए थे। वीडियो में भीड़ के बीच डॉक्टर के साथ मारपीट और उन्हें सड़क पर घसीटने का दृश्य दिखाई दे रहा था।
एसएसपी से बातचीत के बाद दी तहरीर
बताया जा रहा है कि घटना के बाद डॉक्टर शुरुआत में तहरीर देने के पक्ष में नहीं थे। इसके बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने खुद डॉक्टर से बातचीत की। बुधवार को डॉ. राहुल सिद्धार्थ की ओर से बिचपुरी निवासी शेखर, धर्मेंद्र उर्फ नेत्रपाल, धर्मेंद्र, धर्मपाल, निखिल, रामसेवक और केसर सिंह समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ अलापुर थाने में तहरीर दी गई।
ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने डॉक्टर पर जानलेवा हमला, कार में तोड़फोड़ और कार को पलटने की कोशिश समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिचपुरी निवासी शेखर, धर्मेंद्र उर्फ नेत्रपाल पुत्र सोवरन, धर्मेंद्र पुत्र रामनिवास और धर्मपाल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में चारों के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की गई थी। बाद में डॉक्टर की तहरीर के आधार पर उन्हें मामले में नामजद किया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में नामजद अन्य लोगों और अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस घटनास्थल पर सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
मारपीट के वीडियो हुए थे वायरल
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बिचपुरी गांव के पास डॉ. राहुल सिद्धार्थ के साथ हुई मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। गोवंश के घायल होने के बाद भीड़ के उग्र होने का आरोप है। वीडियो में डॉक्टर को भीड़ के बीच बचने की कोशिश करते हुए देखा गया था। पुलिस की मौजूदगी में भी उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। अब पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
