जमीन खरीदने के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी के मामले में 25 हजार का इनामी आरोपी मेरठ से पकड़ा, भोजीपुरा पुलिस और बरेली क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
बरेली : जमीन खरीदने के बहाने किसानों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी के मामलों में बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरेली क्राइम ब्रांच और भोजीपुरा पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी और पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर बरेली समेत कई जिलों में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार पन्नालाल कश्यप गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के गढ़ी का रहने वाला है। वह वर्ष 2007 में बसपा सरकार के दौरान दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुका है।पुलिस का दावा है कि जमीन खरीदने के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस मामले में भोजीपुरा थाना इंस्पेक्टर ने “The justice Hindi” को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर बरेली जिला जेल भेज दिया है। आरोपी पर जमीनों की धोखाधड़ी का आरोप था।
होटल और फैक्टरी के नाम पर जमीन लेने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य किसानों से होटल, फैक्टरी और अन्य व्यावसायिक परियोजनाएं स्थापित करने के नाम पर जमीन खरीदने की बात करते थे। आरोप है कि जमीन के सौदों में किसानों से रकम लेने के बाद उन्हें भुगतान और अन्य मामलों में परेशान किया जाता था। इस मामले में बरेली के अलग-अलग थानों में शिकायतें और मुकदमे दर्ज हुए। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में भी पन्नालाल कश्यप के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
38 मुकदमों का पुलिस ने किया दावा
पुलिस के मुताबिक, पन्नालाल कश्यप के खिलाफ करीब 38 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भोजीपुरा और मीरगंज थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की संख्या अधिक बताई गई है। अन्य मामलों में भी पुलिस जांच के दौरान उसका नाम सामने आने की बात कही गई है।इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई के लिए बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने कई मामलों की विवेचना क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित की थी।
पहले गाजियाबाद में दी गई दबिश, फिर मेरठ से गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अरुण कुमार को दी गई थी। टीम ने आरोपी की तलाश में पहले गाजियाबाद में दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर निकल गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसकी तलाश तेज की और मेरठ से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बरेली लाया गया और भोजीपुरा थाने में रखा गया, जहां उसके खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
25 हजार रुपये का इनाम था घोषित
पुलिस के अनुसार पन्नालाल कश्यप की गिरफ्तारी के लि एसएसपी बरेली अनुराग आर्य की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
तीन साल से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटकने का दावा
पुलिस के मुताबिक, ठगी के कथित पीड़ित किसान करीब तीन साल से शिकायत और मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रयास कर रहे थे। इसके बाद तत्कालीन आईजी राकेश कुमार सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य के स्तर से शिकायतों पर कार्रवाई शुरू हुई और मुकदमे दर्ज किए गए।पुलिस का कहना है कि अलग -अलग थानों में दर्ज मामलों की जांच आगे बढ़ने पर पन्नालाल कश्यप और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका सामने आई।
