मऊ-अंबाला, जोधपुर-मऊ और वडोदरा-गोरखपुर के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेनें,बरेली और गोरखपुर के यात्रियों को मिलेगा फायदा
गोरखपुर/बरेली : आगामी दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को राहत देने के लिए कई त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है।पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक मऊ -अंबाला कैंट, जोधपुर-मऊ और वडोदरा-गोरखपुर के बीच साप्ताहिक त्योहार/पूजा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनमें से मऊ-अंबाला कैंट स्पेशल ट्रेन बरेली स्टेशन पर भी रुकेगी। जिससे बरेली और आसपास के यात्रियों को दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद और अंबाला की ओर यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
मऊ-अंबाला ट्रेन 1 अक्टूबर से, बरेली में शाम 5:02 बजे पहुंचेगी
ट्रेन संख्या 05301/05302 मऊ-अंबाला कैंट-मऊ साप्ताहिक त्योहार विशेष का संचालन मऊ से 1 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को और अंबाला कैंट से 2 अक्टूबर
से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा। कुल 9 फेरे लगाए जाएंगे। मऊ से चलने वाली 05301 ट्रेन सुबह 4:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद बेलथरा रोड, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती,मनकापुर, गोंडा और सीतापुर होते हुए ट्रेन बरेली शाम 5:02 बजे पहुंचेगी। यहां से मुरादाबाद, गाजियाबाद और दिल्ली होते हुए सोनीपत -पानीपत के रास्ते अगले दिन सुबह 3:55 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी।
वापसी में सुबह 5.45 बजे चलेगी
वापसी में ट्रेन संख्या 05302 अंबाला कैंट से सुबह 5:45 बजे चलेगी और पानीपत, सोनीपत, दिल्ली,गाजियाबाद, मुरादाबाद होते हुए बरेली दोपहर 3:15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर होते हुए अगले दिन सुबह 4:30 बजे मऊ पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी प्रथम सह द्वितीय श्रेणी, एसी द्वितीय, एसी तृतीय और एसी तृतीय इकोनॉमी के साथ शयनयान तथा सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
जोधपुर-मऊ स्पेशल से अयोध्या,
कानपुर और राजस्थान के यात्रियों को राहत
ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ-जोधपुर साप्ताहिक त्योहार विशेष का संचालन जोधपुर से 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और मऊ से 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। इस ट्रेन के कुल 9 फेरे होंगे। जोधपुर से ट्रेन शाम 5 बजे रवाना होगी। पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा और जयपुर के बाद भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद,कन्नौज और कानपुर सेंट्रल होते हुए ऐशबाग, बादशाहनगर, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, शाहगंज, आजमगढ़ और मुहम्मदाबाद के रास्ते रात 11:40 बजे मऊ पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन मऊ से सुबह 4 बजे रवाना होगी और आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, लखनऊ क्षेत्र, कानपुर, फर्रुखाबाद, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, जयपुर और अन्य स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 8:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी द्वितीय श्रेणी के 2, एसी तृतीय श्रेणी के 4, शयनयान के 8, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 तथा एसएलआर/डी के 2 कोच शामिल हैं।
वडोदरा-गोरखपुर पूजा स्पेशल भी चलेगी
रेलवे ने 09111/09112 वडोदरा-गोरखपुर-वडोदरा साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है।वडोदरा से यह ट्रेन 5 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और गोरखपुर से 7 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। इसके कुल 8 फेरे होंगे। वडोदरा से ट्रेन शाम 7 बजे रवाना होकर गोधरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, आगरा, टुंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती होते हुए रात 11:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर से ट्रेन सुबह 5 बजे रवाना होगी और बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, शिकोहाबाद, टुंडला, आगरा, भरतपुर, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम और गोधरा होते हुए अगले दिन सुबह 8:35 बजे वडोदरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें एसी प्रथम सह द्वितीय, एसी द्वितीय,एसी तृतीय, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी, पेंट्रीकार और अन्य निर्धारित कोच शामिल हैं।
लखनऊ में नहीं रुकेगी वडोदरा-गोरखपुर स्पेशल
रेलवे के अनुसार लखनऊ स्टेशन पर आरएलडीए द्वारा ब्लॉक लिए जाने के कारण 09111/09112 ट्रेन को मानकनगर-ऐशबाग -मल्हौर के परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इस मार्ग परिवर्तन के कारण ट्रेन का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा। रेलवे का यह फैसला त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अहम माना जा रहा है। खासकर मऊ, गोरखपुर, बरेली, दिल्ली, अंबाला,अयोध्या,कानपुर,राजस्थान और गुजरात की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को इन अतिरिक्त ट्रेनों से राहत मिलने की उम्मीद है।
