बरेली : महंगाई, बेरोजगारी,शिक्षा और जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी युवजनसभा 26 सितंबर को धरना-प्रदर्शन करेगी।कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यालय,बरेली में युवजनसभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम जनता, युवाओं, किसानों, छात्रों, मजदूरों और मध्यम वर्ग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए धरने को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।
महंगाई और बेरोजगारी को बनाया प्रमुख मुद्दा
बैठक में वक्ताओं ने महंगाई को आम परिवार के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए घरेलू बजट पर पड़ रहे दबाव का मुद्दा उठाया। अगस्त 2026 में खुदरा महंगाई 4.82 प्रतिशत और खाद्य महंगाई 5.95 प्रतिशत दर्ज की गई। संगठन ने महंगाई को लेकर सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की। वहीं, बेरोजगारी और युवाओं के रोजगार को भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया गया।युवजनसभा ने नियमित रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समयबद्ध परीक्षाओं और नियुक्तियों की मांग उठाई।
शिक्षा व्यवस्था और फीस का मुद्दा भी उठाया
बैठक में सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में बढ़ती फीस, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संगठन ने शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
पेट्रोल-डीजल और E20 को लेकर भी चर्चा
बैठक में पेट्रोल-डीजल की कीमतों, पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण, ईंधन की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।युवजनसभा ने मांग की कि उपभोक्ताओं को ईंधन की गुणवत्ता, वाहनों की संगतता और संभावित प्रभावों के संबंध में स्पष्ट एवं पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
डॉ. मोहित भारद्वाज ने युवाओं से की धरने में पहुंचने की अपील
समाजवादी युवजनसभा के जिलाध्यक्ष डॉ. मोहित भारद्वाज ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार, महंगाई और शिक्षा से जुड़े गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाना संगठन की जिम्मेदारी है और 26 सितंबर का धरना जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का माध्यम होगा। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से धरने में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा
सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसान,नौजवान, मजदूर,छात्र और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और उनकी समस्याओं को सामने लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर के कार्यक्रम को पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ आयोजित किया जाएगा।
विधानसभा से बूथ स्तर तक संपर्क की रणनीति
समाजवादी युवजनसभा के प्रभारी प्रमोद सिंह बिष्ट ने बताया कि 26 सितंबर के धरने को लेकर विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाएगा। युवाओं को संगठन से जोड़ने और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन को मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में शिव सिंह यादव, जितेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव,गुजरात सिंह, रामवीर मौर्य,आशीष यादव, सोनू वाल्मीकि, विजय यादव,रविंद्र कुमार यादव,लमन सिंह, बिसाल यादव,विजय सिंह,रविंद्र सिंह, सरराज सिंह, आदित्य कश्यप, शहीन मिर्जा, विजयपाल,आदित्य यादव, यसपाल, बेसपाल सिंह, हरेंद्र सिंह, हिमांशु राज, सोनकर और आदिल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने 26 सितंबर के धरने को सफल बनाने, युवाओं और आम नागरिकों से संपर्क बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
