उधार नहीं, भरोसा लेकर भागा शातिर, फर्जी नाम से गेस्ट हाउस में एंट्री, अब पुलिस कर रही तलाश
बरेली : ई-कॉमर्स वेबसाइट OLX पर आईफोन बेचने का विज्ञापन डालना कैंट क्षेत्र के एक युवक को महंगा पड़ गया। आईफोन-17 प्रो खरीदने के बहाने आए एक शातिर युवक ने पहले भरोसा जीता, फिर मोबाइल देखने के बहाने करीब 1.17 लाख रुपये कीमत का iPhone 17 Pro लेकर फरार हो गया। इस मामले में बारादरी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंट क्षेत्र के सैदपुर खजुरिया निवासी फहीमउद्दीन ने पुलिस को बताया कि पैसों की जरूरत होने पर उन्होंने अपना iPhone 17 Pro (Silver, 256GB) बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन डाला था। विज्ञापन देखने के बाद देव नाम बताने वाले एक युवक ने संपर्क किया और खुद को मेरठ का निवासी बताते हुए कहा कि उसकी आंटी बरेली में रहती हैं। दोनों के बीच मोबाइल का सौदा 1 लाख 17 हजार रुपये में तय हुआ।
थार से पहुंचा, चाय-नाश्ता कराया और रची पूरी साजिश
पीड़ित के मुताबिक 26 जुलाई की दोपहर आरोपी ने उन्हें पीलीभीत रोड स्थित आकाशपुर वीर गेस्ट हाउस बुलाया।फहीमउद्दीन अपने भाई के साथ वहां पहुंचे। कुछ देर बाद आरोपी थार कार से अपने एक साथी के साथ आया और दोनों को गेस्ट हाउस के कमरे में बैठाकर चाय-नाश्ता कराया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि उसकी आंटी बगल के कमरे में हैं और वह उनसे रुपये लेकर आता है।मोबाइल देखने के बहाने उसने iPhone अपने हाथ में लिया और कमरे से बाहर निकल गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
फर्जी नाम से दर्ज कराया पता, पुलिस को बताया दूसरा नाम
गेस्ट हाउस के कर्मचारियों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि आरोपी ने ‘मोहम्मद अली’ नाम से फर्जी पहचान दर्ज कराई थी। इस घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने जगतपुर चौकी में शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी से संपर्क किया, तो उसने अपना नाम दानिश खान बताते हुए खुद को मेरठ की केमरी सोसाइटी, ब्लॉक-बी का निवासी बताया।इसके बाद पीड़ित ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस जुटी आरोपी की असली पहचान और लोकेशन तलाशने में
बारादरी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की वास्तविक पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
