बरेली: शहर को एलपीजी मुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। एडीएम कंपाउंड से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन विस्तार कार्य का शुभारंभ किया गया। डीएम अविनाश सिंह ने फीता काटकर इस योजना की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर सीयूजीएल (सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड) द्वारा विस्तार कार्य शुरू किया गया, जिससे सरकारी आवासों में रह रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को अब सुरक्षित और निरंतर गैस आपूर्ति मिल सकेगी।
इन कॉलोनियों में जल्द पहुंचेगी PNG सुविधा
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना का विस्तार जल्द ही शहर की अन्य प्रमुख कॉलोनियों जैसे पुलिस लाइन, जजेस कॉलोनी और राजेंद्र नगर स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में भी किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि योजनाबद्ध तरीके से अधिक से अधिक रिहायशी इलाकों को इस सुविधा से जोड़ा जाए, जिससे एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम हो सके।
ऑनलाइन प्रक्रिया से उपभोक्ताओं को मिला कनेक्शन
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने सीयूजीएल के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बटन दबाकर जिला पूर्ति अधिकारी समेत तीन उपभोक्ताओं को PNG कनेक्शन जारी किए। इस पहल को डिजिटल और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
त्योहारों के बीच राहत देने की कोशिश
पिछले कुछ दिनों से एलपीजी सप्लाई में आ रही दिक्कतों और त्योहारों के चलते बढ़ती गैस की मांग को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। सीयूजीएल द्वारा आकर्षक योजनाएं भी चलाई जा रही हैं और जागरूकता के लिए प्रचार वाहन शहर में घूमकर लोगों को जानकारी दे रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से भविष्य में गैस संकट काफी हद तक खत्म हो सकता है और लोगों को एक सुरक्षित व स्थायी विकल्प मिलेगा।
