बरेली : यूपी के बरेली में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बरेली पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दो अभियुक्तों को जिला बदर कर दिया।
देवरनिया पुलिस ने आरोपी को 6 माह के लिए किया जिला बदर

देहात की थाना देवरनिया पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के 10 अप्रैल के आदेश का पालन करते हुए सद्दाम, निवासी ग्राम गिरधरपुर को यूपी गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत 6 महीने के लिए बरेली से बाहर कर दिया। पुलिस ने उसे उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले की सीमा पर छोड़ते हुए सख्त हिदायत दी कि वह तय अवधि के दौरान जिले में प्रवेश नहीं करेगा।
सिरौली पुलिस ने 3 महीने के लिए किया निर्वासन
इसी तरह थाना सिरौली पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के 20 मार्च के आदेश का अनुपालन करते हुए पुष्पेंद्र, निवासी ग्राम शिवपुरी को 3 महीने के लिए जिला बदर किया। आरोपी को रामपुर जिले की सीमा पर छोड़ा गया और निर्देश दिया गया कि वह निर्धारित अवधि तक बरेली में प्रवेश नहीं करेगा।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे। जिला बदर की यह कार्रवाई असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई है।
