बंधक बनाकर मारपीट, कपड़े उतरवाने और रुपये छिनने का आरोप, गो-तस्करी की सूचना पर निकले युवा नेता के साथ दरिंदगी
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां हिंदू जागरण मंच (युवा) के एक पदाधिकारी को दबंग युवकों द्वारा तमंचे के बल पर अगवा कर बंधक बनाने और बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पीड़ित और उसका परिवार गहरे सदमे और भय में है।
गो-तस्करी की सूचना पर निकला था युवक
थाना क्षेत्र के ग्राम केसरपुर निवासी रोहिताश कुमार ने भुता थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा आशीष पटेल, हिंदू जागरण मंच (युवा) का ब्लॉक संयोजक है। आरोप है कि 3 जनवरी को आशीष क्षेत्र में गो-तस्करी की सूचना मिलने पर जिला कारागार की ओर गया था। लौटते समय वह केसरपुर-सिंघाई रोड पर पेट्रोल भरवाने जा रहा था।
तमंचे की नोक पर अगवा कर सुनसान जगह ले गए
बताया गया कि बंद पड़े पेट्रोल पंप के सामने पहले से घात लगाए बैठे युवकों अंशु कटियार, वासु पटेल, हिमांशु, रूपेश पटेल, हिमांशें और श्रीसंत समेत अन्य ने आशीष को रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली और तमंचा कनपटी पर रखकर उसे सड़क से करीब 100 मीटर अंदर सुनसान जगह ले गए।
बंधक बनाकर की बेरहमी से पिटाई
पीड़ित के अनुसार, वहां उसे बंधक बनाकर लात-घूंसों से पीटा गया। इस दौरान चाकू की नोक पर उसकी जेब से करीब दो हजार रुपये भी निकाल लिए गए। मारपीट के दौरान उसे बार -बार जान से मारने की धमकी दी गई।
मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
आरोप है कि हमलावरों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। वीडियो के साथ आशीष और उसके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं। वीडियो वायरल होने के बाद से पीड़ित मानसिक तनाव में है, जबकि उसका परिवार डर के साये में जीवन जी रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पिता ने भुता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
