बरेली : यूपी के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां उधारी के रुपए मांगने पर बेरहमी से मारपीट में एक युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि क्षेत्र में घटना को लेकर तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राहुल अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके घर में महज 13 दिन की नवजात बेटी है।जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
30 हजार रुपए लेकर निकला था घर से
परिजनों के अनुसार, 14 जनवरी को राहुल अपने मामा हरेंद्र को अस्पताल से छुट्टी दिलाने के लिए 30 हजार रुपए लेकर घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में उधारी के रुपए मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि लबेदा निवासी आकाश ठाकुर और उसके अन्य साथियों ने राहुल को घेर लिया और बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायल अवस्था में राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। जैसे ही मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, घर में चीख -पुकार मच गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना में लूट और जानलेवा हमले के तत्व मौजूद थे, लेकिन तहरीर में हेराफेरी कर गंभीर धाराएं सही ढंग से दर्ज नहीं की गईं
जानें क्या बोले पुलिस इंस्पेक्टर
परिजनों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस पूरे मामले पर इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि “युवक की मौत के बाद मुकदमे में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की जा रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं, पीड़ित परिवार को अब सिर्फ न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।
