बरेली : यूपी के बरेली से इस वक्त एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मामला इतना बढ़ गया कि पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते सख्त कार्रवाई करती तो आज उनका बेटा जिंदा होता। यह घटना शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के डोहरा इलाके की है। परिजनों के मुताबिक 14 जनवरी को राहुल अपने परिचित भीमा, लकी (लबेड़ा) और आकाश ठाकुर के साथ बैठा था। इसी दौरान राहुल द्वारा उधार दिए गए पैसों को लेकर कहासुनी हो गई।
उधारी विवाद ने लिया हिंसक रूप
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि राहुल के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद परिजन राहुल को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। बिथरी चैनपुर पुलिस ने इस मामले में 18 जनवरी को मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि इसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। राहुल का इलाज रामपुर गार्डन स्थित नारायण हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर धरना
जब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई, तभी परिजनों का सब्र टूट गया। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पर धरना देते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना था कि “अगर समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाती, तो राहुल की जान बच सकती थी।” परिजनों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
जानें क्या बोली पुलिस
हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंचा और हालात को संभालने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पीड़ित परिवार को अब सिर्फ न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।
