नई दिल्ली : टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले बड़ा विवाद सामने आया है। बुधवार को हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की अहम बोर्ड बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को कड़ा संदेश दिया गया। आईसीसी ने बहुमत के आधार पर बांग्लादेश को साफ अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि या तो वह भारत में अपने निर्धारित मुकाबले खेले, या फिर टूर्नामेंट से बाहर होने के लिए तैयार रहे। इस फैसले पर बांग्लादेश को 24 घंटे के भीतर अपना रुख स्पष्ट करना होगा।
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी से आग्रह किया था कि उनके भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबलों को श्रीलंका स्थानांतरित किया जाए। इसके साथ ही बीसीबी ने ग्रुप बदलने का विकल्प भी आईसीसी के सामने रखा था। हालांकि, आईसीसी बोर्ड की बैठक में इन सभी मांगों को खारिज कर दिया गया और बांग्लादेश को तय समय में अंतिम फैसला लेने का निर्देश दिया गया।
आईसीसी बोर्ड की इस बैठक में सभी फुल मेंबर देशों के निदेशकों ने हिस्सा लिया। बैठक में आईसीसी चेयरमैन जय शाह, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड, जिम्बाब्वे क्रिकेट के अध्यक्ष तवेंगा मुकुहलानी, क्रिकेट वेस्टइंडीज के अध्यक्ष किशोर शैलो, क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन ब्रायन मैकनीस, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रिचर्ड थॉम्पसन, क्रिकेट साउथ अफ्रीका के प्रतिनिधि मोहम्मद मूसाजी और मीरवाइस अशरफ, क्रिकेट न्यूजीलैंड के प्रतिनिधि रोजर ट्वास और क्रिकेट अफगानिस्तान के चेयरमैन भी मौजूद रहे। इसके अलावा आईसीसी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी और एंटी-करप्शन यूनिट के प्रमुख एंड्रयू एफग्रेव ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह अपनी सरकार को इस स्थिति से अवगत कराए। अगर बांग्लादेश भारत में आकर अपने मैच खेलने से इनकार करता है, तो आईसीसी के पास टूर्नामेंट में उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल करने का विकल्प मौजूद है। यह फैसला वोटिंग के बाद लिया गया, जिसमें आईसीसी बोर्ड के अधिकांश सदस्य बांग्लादेश के स्थान पर रिप्लेसमेंट टीम को शामिल करने के पक्ष में थे।
आईसीसी ने बीसीबी को भारत में खेलने को लेकर अपने अंतिम रुख पर जवाब देने के लिए एक और दिन का समय दिया है। अब सबकी निगाहें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के फैसले पर टिकी हैं कि वह आईसीसी के निर्देशों को मानते हुए भारत में खेलने को तैयार होता है या फिर टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने का जोखिम उठाता है।
