बरेली : यूपी के बरेली देहात की नगर पालिका फरीदपुर स्थित पीतांबरपुर रेलवे फाटक (क्रॉसिंग संख्या 352-सी) को अनिश्चितकाल के लिए बंद किए जाने से आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते बंद इस रेलवे फाटक को लेकर अब जनआक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। इसी क्रम में भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष करण सिंह यादव ने अपने तमाम पदाधिकारियों, और कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय, बरेली पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा और प्रशासन को क्षेत्र की गंभीर जनसमस्याओं से अवगत कराया।
20 हजार आबादी, और सैकड़ों गांव प्रभावित

ज्ञापन में बताया गया कि रेलवे फाटक बंद होने से कस्बा फरीदपुर की लगभग 20 हजार आबादी, आसपास के सैकड़ों गांवों के लाखों लोग, छोटे-छोटे स्कूली बच्चे,किसान, मजदूर और व्यापारी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। तहसील, ब्लॉक कार्यालय, कोर्ट, आईटीआई कॉलेज, डायट कॉलेज और कोतवाली आने -जाने वाले लोगों को अब कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है।
पैदल रास्ता नहीं, जान जोखिम में
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि पैदल यात्रियों के लिए भी कोई सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया है।मजबूरी में लोग रेलवे लाइन पार कर रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना हुआ है। हाल ही में रेलवे लाइन पार करते समय एक महिला की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो चुकी है। वहीं, स्कूली बच्चों की जान हर समय खतरे में बनी हुई है, जिसे लेकर अभिभावकों में भारी चिंता है।
घरों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन
यूनियन ने एक और गंभीर मुद्दा उठाते हुए बताया कि लाइन पार बुखारा रोड, ताज पंप के सामने नई बस्ती में 11 केवी विद्युत लाइन घरों के ऊपर से गुजर रही है। इस संबंध में पूर्व में कई बार बिजली विभाग को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
किसानों के मामलों में भी लापरवाही
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई किसानों की विरासत दर्ज नहीं की जा रही है, जबकि कुछ किसानों के तूदाबंदी के आवेदन वर्षों से लंबित पड़े हैं। यूनियन का आरोप है कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी इन मामलों में गंभीरता नहीं दिखा रहे, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यह रखीं प्रमुज्ञ मांग
भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने प्रशासन से मांग की कि मंडल रेल प्रबंधक, मुरादाबाद एवं सेतु निगम उत्तर प्रदेश को तत्काल वैकल्पिक मार्ग बनाए जाने के निर्देश दिए देने की मांग। पैदल यात्रियों के लिए अस्थायी सुरक्षित रास्ता तुरंत उपलब्ध कराया जाए, 11 केवी विद्युत लाइन को शीघ्र घरों के ऊपर से हटवाया जाए। किसानों की विरासत और तूदाबंदी से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान यूनियन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी भी दी।
