बरेली में अवैध कॉलोनी ध्वस्त, खरीदारों को मिली चेतावनी
बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कालोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। पहली कार्रवाई ग्राम अहलादपुर में सियाराम प्रधान ने करीब 2000 वर्गमीटर जमीन पर बिना स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन और साइट ऑफिस बनाकर अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था। इसको ध्वस्त किया गया।
चार हजार वर्गमीटर की कॉलोनी पर गरजा बुल्डोजर
इसके अलावा ग्राम नवदिया कुर्मियान में ब्रजलाल, निर्मला देवी आदि ने करीब 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सड़कों और भूखंडों का चिन्हांकन कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। उसको भी टीम ने ध्वस्त किया। BDA की टीम ने मौके पर बुलडोज़र चलाकर दोनों अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उ.प्र. नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत की गई।
BDA ने जनता को दी चेतावनी
प्राधिकरण ने आमजन को चेतावनी दी है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लाटिंग या भवन निर्माण पूरी तरह से अवैध है। भविष्य में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से बचने के लिए किसी भी भूखंड या भवन की खरीद से पहले उसकी मानचित्र स्वीकृति जरूर जांच लें।
