सपा प्रमुख का आरोप : भाजपा-आरएसएस ने विदेश नीति को किया तबाह, अमेरिका ने लगाया टैरिफ, तो चीन पर निर्भर भारत!
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा -आरएसएस पर बड़ा सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भारत की विदेश नीति को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भी कोई पड़ोसी देश भारत के साथ खड़ा नहीं हुआ। पाकिस्तान को चीन हर तरह की मदद कर रहा था, और अमेरिका, जिससे भाजपा ने दोस्ती का ढोल पीटा, उसने व्यापार पर 50% टैरिफ लगा दिया और सख्त आर्थिक प्रतिबंधों की धमकी दी।
चीन का ट्रैक रिकॉर्ड, भारत से दुश्मनी का

उन्होंने कहा कि घबराई भाजपा सरकार अब चीन की शरण में जा पहुंची है, जबकि चीन का ट्रैक रिकॉर्ड भारत से दुश्मनी का ही रहा है। 1962 की लड़ाई में भारत के 4000 जवान, और अफसर कैद हुए, जिन्हें यातनाएं दी गईं। चीन ने तिब्बत पर कब्जा किया, और अब अरुणाचल, लेह-लद्दाख तक निगाहें गड़ाए बैठा है। बोले, चीन ने रिजंगला का वॉर मेमोरियल तोड़ा, फाइव फिंगर छीन लिया, और पेंगांग झील पर कब्जा कर लिया। इसके अलावा गलवान घाटी समेत कई क्षेत्रों में उसकी सैन्य गतिविधियां लगातार जारी हैं।
चीन से व्यापार नुकसान का सौदा
,
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भारत, अमेरिका से व्यापार में फायदा ले रहा था, लेकिन चीन के साथ व्यापार में देश को लगातार घाटा हो रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी सामान पहले से ही भारतीय बाजार पर हावी है। अब नई डील से चीन का दखल और बढ़ेगा। भारतीय उद्योगों की कच्चे माल के लिए चीन पर निर्भरता है, ऐसे में “स्वदेशी का संकल्प सिर्फ नारा बनकर रह जाएगा।”
बिल्कुल भी नहीं किया जा सकता चीन पर भरोसा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने चीन को विस्तारवादी बताते हुए कहा कि उसने पड़ोसी देशों को आर्थिक मदद के नाम पर कर्ज में डुबोया है। भारत के कब्जाए गए भूभाग पर चीन अब तक बातचीत करने को तैयार नहीं है। तिब्बत को हड़पने के बाद वह अरुणाचल, लेह और लद्दाख में पैर पसारना चाहता है। उन्होंने साफ कहा चीन पर तनिक भी भरोसा नहीं किया जा सकता। भाजपा सरकार देश को सामरिक और आर्थिक दोनों मोर्चों पर कमजोर कर रही है।
