बरेली : यूपी के बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में पिछले दो दोनों से बारिश हो रही है। रिकॉर्डतोड़ बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर और ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने बरेली के लिए Orange Alert जारी किया है। जिसके चलते डीएम (जिलाधिकारी) अविनाश सिंह ने सोमवार को कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया था। मगर, अब मंगलवार यानी 2 सितंबर को भी जनपद के परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन और सभी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा और खराब मौसम को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश का पालन न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार तक झमाझम बारिश की उम्मीद है।
बारिश ने बंद किए रास्ते, घरों में घुसा पानी
शहर के कई मोहल्लों और कॉलोनियों में बारिश के बाद जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है। ग्रामीण इलाकों के निचले घरों में भी पानी घुसने की शिकायतें मिल रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होने पर ही स्कूलों को दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाएगा।
