बरेली : यूपी के बरेली देहात के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि सेंथल कस्बा निवासी अधिवक्ता अख्तर अली की तहरीर पर पुलिस ने 54 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें चार आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात बताए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में हाफिजगंज थाने के इंस्पेक्टर से जानकारी की कोशिश की। मगर, फोन न उठने के कारण जानकारी नहीं मिल सकी।
जानें क्या है पूरा मामला?
अधिवक्ता अख्तर अली ने मीडिया को बताया कि,वह अपने घर में बने चैंबर में मौजूद थे। इसी दौरान करीब 50 से अधिक लोग उनके चैंबर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि मौलाना खुर्शीद के पीछे नमाज न पढ़ने को लेकर विवाद हुआ और इसी बात पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। एक आरोपी ने कथित तौर पर उनका गला दबाने की भी कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
फाइलें फाड़ीं, आग लगाने की धमकी
अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने चैंबर में रखी जरूरी फाइलें और दस्तावेज फाड़ दिए।इसके साथ ही चैंबर में आग लगाने की धमकी भी दी गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
4 नामजद, 50 अज्ञात पर मुकदमा
हाफिजगंज थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने मीडिया को बताया कि भूरा उर्फ इरफान मियां, वसीम मनीदार, मौलाना खुर्शीद, दानिश समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
