एसपी चीफ बोले- संविधान बचाना है, तो सरकार बदलनी होगी,वोट काटने की साजिश का बड़ा आरोप, फॉर्म-7 को लेकर हमला
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास का एक भी ठोस काम दर्ज नहीं है और सरकार का काम केवल घोटाले करना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है। बोले – प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है, और भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। उनका दावा है कि भाजपा सरकार जाने के बाद ही संविधान और लोकतंत्र पूरी तरह बहाल होगा।

शंकराचार्य प्रकरण पर भी उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि देश के पूजनीय शंकराचार्य पर झूठा मुकदमा दर्ज किया जाना दुखद है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेश यात्राओं पर चले गए हैं, और जिम्मेदारी से बच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “अनरजिस्टर्ड संघी साथियों” के जरिए फॉर्म-7 भरवाकर वोट काटने की एक्सरसाइज की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश बताया।

विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप
उन्होंने कोंच और महोबा में हाल ही में बनी सड़कों का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें कुछ ही महीनों में उखड़ने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में गड्ढा मुक्त सड़कों के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं और बजट में गड़बड़ी हो रही है।कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी पर निशाना उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था चिंताजनक है, हिरासत में मौतों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामले बढ़े हैं। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा, परीक्षाएं रुक रही हैं और व्यापारी वर्ग भी परेशान है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी उन्होंने बदहाल बताया। एसपी चीफ ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और प्रदेश में हाहाकार की स्थिति है।

संत गाडगे महाराज जयंती मनाई गई, सपा कार्यालय में माल्यार्पण
पूर्व सीएम अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा कार्यालय सहित प्रदेशभर में संत गाडगे महाराज की जयंती सादगी से मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने पार्टी कार्यालय में संत गाडगे महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और अन्य नेताओं ने भी पुष्पांजलि दी। अखिलेश यादव ने संत गाडगे महाराज को सामाजिक न्याय, स्वच्छता और शिक्षा का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने दलितों, पीड़ितों और वंचितों की सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
