राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का ऐलान, अधिकारों की राजनीति का दावा
मथुरा/वृंदावन/बरेली : कान्हा की नगरी वृन्दावन से बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट एवं सामाजिक कार्यकर्ता अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) के गठन की औपचारिक घोषणा कर दी। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद समर्थकों के बीच उन्होंने नई राजनीतिक पारी की शुरुआत का ऐलान किया। अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी पार्टी आम जनता के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के उद्देश्य से काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि बड़ी आबादी आज भी अपने मूल अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है और उनकी पार्टी उस संघर्ष की राजनीतिक आवाज बनेगी।
इस्तीफे के बाद बढ़ी थीं अटकलें
गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े कथित विवाद और यूजीसी के नए नियमों के विरोध में पद से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई थीं।
धार्मिक नगरी से दिया प्रतीकात्मक संदेश
घोषणा के दौरान समर्थकों ने नारेबाजी की और पार्टी गठन का स्वागत किया। अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी पार्टी के विजन में “राम और कृष्ण दोनों के आदर्श” शामिल होंगे। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचा और रणनीति सार्वजनिक की जाएगी।
सियासी हलकों में चर्चा तेज
वृंदावन जैसी धार्मिक नगरी से पार्टी गठन की घोषणा को राजनीतिक रूप से प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में कितनी प्रभावी भूमिका निभा पाती है।
