बरेली : सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम और माता सीता को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी का एक वीडियो वायरल होने के बाद माहौल गरमा गया। वीडियो में खुद को आकाश सागर नामक बताने वाला युवक आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आते ही शहर से देहात तक आक्रोश की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। बताया जा रहा है कि वीडियो सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर तेजी से शेयर हुआ। इसके बाद इसे विभिन्न ग्रुपों में प्रसारित किया गया। कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने इसे आस्था पर चोट बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर पुलिस प्रशासन को टैग कर तत्काल गिरफ्तारी की अपील भी की गई।
माफी के बाद भी बढ़ा दबाव
जानकारी के अनुसार आरोपी हाफिजगंज थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव का निवासी है। वह उत्तराखंड के रुद्रपुर में नौकरी करता है। मामला तूल पकड़ने के बाद युवक की ओर से माफी मांगने की बात सामने आई है। हालांकि, विरोध कर रहे संगठनों का कहना है कि केवल माफी पर्याप्त नहीं है और कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दरोगा सतेंद्र कुमार की तहरीर पर हाफिजगंज थाने में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की तलाश की जा रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में हाफिजगंज पुलिस इंस्पेक्टर से जानकारी लेने की कोशिश की। मगर, उनका फोन न उठने से संपर्क नहीं हो सका।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखें।
