बरेली: उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को भव्य और प्रभावी ढंग से मनाने के लिए बरेली प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिसके चलते डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें यूपी दिवस के आयोजन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि 19 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसके तहत नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कर्मियों की टोलियां बनाकर व्यापक साफ-सफाई कराई जाएगी।
खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं

डीएम ने युवा कल्याण विभाग को 19 से 23 जनवरी तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने और 24 जनवरी को विजेताओं को सम्मानित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में रंगोली, भाषण, फैंसी ड्रेस, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संस्कृति उत्सव, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, अटल बिहारी वाजपेयी और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।
विभागीय स्टॉल, प्रदर्शनी और सम्मान समारोह
बैठक में निर्णय लिया गया कि यूपी दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा सूचनात्मक स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) आधारित प्रदर्शनी, लखपति दीदी और करोड़पति दीदी की सफलता की कहानियां और 2017 से 2025 तक सरकार की उपलब्धियों को पीपीटी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस और पोषण पर फोकस

25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आईसीडीएस विभाग को पोषक आहार की जानकारी देने और स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए।
26 जनवरी को सम्मान
26 जनवरी को उत्कृष्ट कार्य करने वाले हस्तशिल्पियों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों,तथा आईजीआरएस और जनता दर्शन में बेहतर कार्य करने वाले विभागों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बरेली के व्यंजन भी बनेंगे आकर्षण
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि ODOC (एक जनपद-एक व्यंजन) के तहत बरेली की बर्फी, सेवइयां, त्यागी के छोले-भटूरे और छोटे लाल की चाट को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। इन व्यंजनों से जुड़े स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही वन ट्रिलियन इकोनॉमी विषय पर कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। इस दौरान बैठक में सीडीओ देवयानी, एडीएम, सीएमओ, सिटी मजिस्ट्रेट समेत सभी अधिकारी मौजूद थे।
