भुवनेश्वर से सपा प्रमुख का बड़ा हमला- BJP पूरी तरह एक्सपोज होगी, दिल्ली से भी हटेगी, PDA को आगे बढ़ाने पहुंचे उड़ीसा
एसपी चीफ ने कहा- हम जोड़ने की राजनीति करते हैं, डिवीजन नहीं, डेवेलपमेंट चाहिए, नवीन पटनायक से की मुलाकात, PDA विस्तार और राष्ट्रीय राजनीति पर बोले खुलकर
भुवनेश्वर/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “भाजपा का एजेंडा पूरी तरह कम्युनल है, जब वह अपने घोषणापत्र के वादे पूरे नहीं कर पाती और राजनीतिक रूप से कमजोर होती है, तब और अधिक साम्प्रदायिक रास्ता अपनाती है।” उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को जोड़ने की नहीं, बल्कि तोड़ने और नफरत फैलाने की राजनीति करती है। शुक्रवार को उड़ीसा के दो दिवसीय दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पूरे देश में भाजपा की पोल खुल रही है, जब भाजपा पूरी तरह एक्सपोज हो जाएगी, तब जनता उसे दिल्ली की सत्ता से हटा देगी। एसपी चीफ अखिलेश यादव भुवनेश्वर में आयोजित “विजन इंडिया-प्लान, डेवलपमेंट, एसेन्ट” कार्यक्रम के तहत “होलिस्टिक हेल्थ द की टू नियो -इंडिया” समिट में शामिल होने पहुंचे हैं। यहां वह 17 जनवरी को मुख्य अतिथि होंगे। भुवनेश्वर पहुंचने पर बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समाजवादी पार्टी की उड़ीसा इकाई के नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
हम जोड़ने की राजनीति चाहते हैं, डिवीजन की नहीं
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे देश और हर वर्ग को जोड़ने की राजनीति करती है। सपा विजन के साथ विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा,“हम सबको जोड़कर राजनीति करना चाहते हैं। डिवीजन की पॉलिटिक्स खत्म होनी चाहिए और लोगों को जोड़ने की पॉलिटिक्स होनी चाहिए।”उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अब एक राजनीतिक दल से ज्यादा प्रोफेशनल तरीके से चलने वाली संस्था बन गई है, जो एजेंसियों के जरिए दूसरे दलों का डाटा चोरी कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए उसी के तरीके से, डाटा के साथ तैयारी करनी होगी।
उड़ीसा में PDA को आगे बढ़ाने का ऐलान
उड़ीसा दौरे को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि “हम उड़ीसा में PDA (पिछड़ा, दलित,अल्पसंख्यक) का पेड़ लगाने आए हैं। हमारी कोशिश होगी कि PDA को आगे बढ़ाएं और हम लोग उड़ीसा आते रहेंगे।”उन्होंने बताया कि वे एक साल के भीतर तीसरी बार उड़ीसा आए हैं। इससे पहले उपचुनाव के दौरान भी वे यहां आए थे और भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन किए थे। उन्होंने कहा कि उड़ीसा में समाजवादियों का पुराना इतिहास रहा है। नेताजी मुलायम सिंह यादव, उड़ीसा के दिग्गज नेता बीजू पटनायक और समाजवादी आंदोलन के अन्य नेताओं ने मिलकर एक समय बड़ी राजनीतिक ताकत खड़ी की थी।
खनिज संसाधनों पर भाजपा सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने कहा कि उड़ीसा खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है, लेकिन“इन संसाधनों का उपयोग उड़ीसा की जनता के विकास के लिए होना चाहिए, न कि भाजपा सरकार के अपने फायदे के लिए।”
पूर्व सीएम नवीन पटनायक से शिष्टाचार भेंट

दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने उड़ीसा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा,“नवीन पटनायक जी सीनियर नेता हैं। उड़ीसा के विकास में उनका और उनके पिता बीजू पटनायक का बहुत बड़ा योगदान रहा है।”उन्होंने यह भी याद दिलाया कि“नेताजी मुलायम सिंह यादव ने बीजू पटनायक के साथ काम किया था। वह भी एक रिश्ता है और आज हम दोनों कहीं न कहीं भाजपा से लड़ रहे हैं।”
बीजेपी प्रोफेशनल पार्टी बन गई है, एजेंसियों से राजनीति कर रही
उन्होंने कहा कि बीजेपी पश्चिम बंगाल में हार रही है और ममता बनर्जी वहां जीत रही हैं। साथ ही उन्होंने बच्चों की मौत से जुड़े मामलों पर चेतावनी देते हुए कहा कि खांसी में यूपी वाली कोडीन दवा का इस्तेमाल जानलेवा हो सकता है। उन्होंने कला और संगीत पर भी टिप्पणी करते हुए कहा,“मैं ए.आर. रहमान का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। आर्ट और म्यूजिक के लिए किसी को भेदभाव की नजर से नहीं देखना चाहिए।”
भाजपा विश्वासघात और धोखे की राजनीति कर रही है-अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला।उन्होंने कहा कि भाजपा अब विश्वासघात का दूसरा नाम बन चुकी है। यह पार्टी झूठे वादे करती है और धोखा व छल इसकी फितरत बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने संगी-साथियों को फायदा पहुंचाने के लिए काशी की दाल मंडी में हर घर और दुकानदार को उजाड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी के साथ न्याय नहीं कर सकती, बल्कि सत्ता का दुरुपयोग कर मनमानी पर उतारू है।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। गलत नीतियों के चलते किसान, नौजवान और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता अब भाजपा का जुल्म और अत्याचार ज्यादा दिन तक बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा पैसों के अलावा किसी की सगी नहीं है, और सत्ता का इस्तेमाल केवल पैसे कमाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता से जाते ही आम लोगों को राहत और चैन मिलेगा।
