बरेली : यूपी के बरेली जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चल रहा प्रशासनिक अभियान उस।वक्त सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जब खनन माफिया ने जांच टीम पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। बहेड़ी थाना क्षेत्र में हुई । इस घटना ने न सिर्फ कानून – व्यवस्था को चुनौती दी, बल्कि माफियाओं की बेखौफ मानसिकता भी उजागर कर दी। डीएम के निर्देश पर खनन विभाग, पुलिस और संबंधित विभागों की एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। यह टीम अवैध खनन, ओवरलोड वाहनों और एसटीपी से जुड़े मामलों की जांच कर रही थी। वन विभाग तिराहे के पास, जब टीम ट्रकों की चेकिंग कर रही थी, तभी बिना वैध खनन दस्तावेजों के चल रहे कई ट्रकों ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।
ट्रकों से कुचलने की कोशिश, मची अफरा-तफरी
आरोप है कि ट्रक चालकों और उनके साथ मौजूद लोगों ने एकजुट होकर ट्रकों को सीधे जांच टीम की ओर मोड़ दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर कूदना पड़ा। बताया जाता है कि इस दौरान एक उपनिरीक्षक को हल्की चोट भी आई, जबकि बैरिकेडिंग तोड़कर कई ट्रक मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सख्त कार्रवाई
इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी बहेड़ी, खनन विभाग और थाना बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। रातभर और अगले दिन तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जगह-जगह बैरियर लगाकर ट्रकों की घेराबंदी की गई।
37 ओवरलोड ट्रक जब्त, 24 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 ओवरलोड ट्रकों और 3 अन्य वाहनों को जब्त किया है। इसके साथ ही 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कई आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस टीम ने पीछा कर दबोच लिया।
गंभीर धाराओं में मुकदमा
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, लोकसेवकों पर हमला, जान से मारने की कोशिश समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्रशासन ने दिया सख्त संदेश
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, फिलहाल बहेड़ी पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई।
