बरेली : यूपी के बरेली देहात की नवाबगंज नगर पालिका में दो साल पुराना प्रेम प्रसंग उस वक्त सरेआम टकराव में बदल गया, जब शादी से मुकरने पर युवती प्रेमी के घर पहुंच गई और निकाह की मांग को लेकर दरवाजे पर डट गई। देर रात तक चले हंगामे ने पूरे मोहल्ले को जगा दिया।
दो साल का रिश्ता, अचानक बदले हालात
जानकारी के मुताबिक पूरनपुर में कपड़ों की दुकान चलाने वाले युवक और एक युवती के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध थे। दोनों परिवारों तक शादी की बात भी पहुंच चुकी थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से युवक शादी की तारीख टाल रहा था। युवती का आरोप है कि उसे शादी का भरोसा दिलाया गया, लेकिन बाद में युवक मुकर गया।
“आज फैसला लेकर ही जाऊंगी”
गुरुवार देर रात युवती सीधे नवाबगंज स्थित युवक के घर पहुंच गई और दरवाजे पर बैठकर निकाह की जिद करने लगी। दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते ऊंची आवाजों और आरोप -प्रत्यारोप में बदल गई। युवती ने कहा कि अगर शादी नहीं करनी थी, तो वादे क्यों किए गए। वहीं युवक और उसके परिवार ने मामले को शांत कराने की कोशिश की।
मोहल्ला बना गवाह, जुटी भीड़
आधी रात को गली में शोर-शराबा बढ़ने पर पड़ोसी घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। कोई युवती का पक्ष लेता दिखा तो कोई युवक की मजबूरी की बात करता नजर आया। निजी विवाद सार्वजनिक बहस में बदल गया।
पुलिस की एंट्री, थाने में चली वार्ता
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। देर रात तक समझौते की कोशिशें चलती रहीं।पुलिस ने मीडिया को बताया कि फिलहाल मामला शांत है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम कहानी में नया मोड़
दो साल पहले शुरू हुआ यह रिश्ता अब कानूनी और सामाजिक मोड़ पर खड़ा है। क्या दोनों परिवार समझौते पर पहुंचेंगे या मामला कानूनी कार्रवाई तक जाएगा।।यह आने वाला समय तय करेगा। फिलहाल नवाबगंज की इस घटना ने इलाके में चर्चा का बाजार गरमा दिया है।
जानें क्या बोले सीओ नवाबगंज
इस मामले में CO नवाबगंज ने The Justice HINDI को बताया कि घटना कल की है, और मैं खुद गया था। वहां युवती युवक के घर आई थी, लेकिन घर पर युवक के परिजन नहीं थे, तो वह लड़की अपने मौसा के साथ चली गई थी। मेरे द्वारा खुद समझाया गया। उसके परिजनों को समझाया भी समझाया गया है, जब दोनों चाहते है, साथ रहने लगते हैं। युवती पीलीभीत की है।
