बाहर से लटका था ताला, अंदर मिला शव… आत्महत्या या साजिश?
पीलीभीत। यूपी के पीलीभीत जिले की आईटीआई कैंपस के पास स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 25 वर्षीय कर्मचारी का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान मोहल्ला छोटा खुंदागंज निवासी अनिल (25 वर्ष) के रूप में हुई है।परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है और हत्या कर शव लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
तड़के आया फोन… और फिर मिली मौत की खबर
परिवार के अनुसार अनिल वर्ष 2018 से उक्त प्रॉपर्टी डीलर के यहां कार्यरत था। चार दिन पहले ही उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे अनिल के मोबाइल पर एक कॉल आई।कॉल आने के तुरंत बाद वह बाइक लेकर घर से निकला। परिजनों को अंदाजा भी नहीं था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर होगा।करीब दो घंटे बाद सूचना मिली कि अनिल का शव दफ्तर के अंदर फंदे से लटका मिला है।
बाहर से लगा था ताला, अंदर कैसे पहुंचा?
परिजनों का कहना है कि जिस कमरे में शव मिला, वहां बाहर से ताला लगा हुआ था। ऐसे में यह आत्महत्या कैसे हो सकती है? परिवार का आरोप है कि पूरी घटना संदिग्ध है और सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। इस सवाल ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है।
युवती से नजदीकियां बनीं वजह?
परिवार ने एक और चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उनका दावा है कि कार्यालय में कार्यरत एक युवती से अनिल की नजदीकियां थीं, जिसका प्रॉपर्टी डीलर विरोध करता था।परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में अनिल को रास्ते से हटाया गया। हालांकि पुलिस ने अभी इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मौके पर हंगामा, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं परिजनों का कहना है कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं होगा, वे शांत नहीं बैठेंगे।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना
आईटीआई कॉलेज के पास दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर तड़के आई कॉल किसकी थी? ऑफिस में ताला किसने लगाया? क्या यह आत्महत्या है या हत्या? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आएंगे।
