बरेली। शहर के सिविल लाइंस इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब इस्लामिया ग्राउंड के सामने स्थित एक आर्किटेक्ट के घर में करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की वारदात सामने आई। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना उस समय हुई, जब घर का पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुरादाबाद गया हुआ था। जानकारी के मुताबिक यह मकान आर्किटेक्ट अभिषेक राजोरिया का है। परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने मौके का फायदा उठाया, और पीछे की ओर से घर में घुसकर मुख्य ताले तोड़ दिए। चोरों ने घर के अंदर रखे दोनों सेफ को निशाना बनाया, और वहां से भारी मात्रा में नकदी और कीमती सोने -चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए।
शादी से लौटे तो उड़ा मिला सामान, टूटे मिले ताले
जब परिवार शादी से वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। कमरों में रखे ज्वेलरी बॉक्स खाली मिले, जबकि दोनों सेफ के ताले भी टूटे हुए थे। परिजनों के अनुसार महिलाओं के वर्षों से संजोकर रखे गए गहने चोरी हुए हैं। जिनकी कीमत शुरुआती अनुमान में करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस चौकी के पास चोरी से उठे सवाल
इस वारदात ने इसलिए भी लोगों को चौंका दिया, क्योंकि, चोरी की जगह पुलिस चौकी से बेहद नजदीक बताई जा रही है। इसके बावजूद चोरों ने पूरी बेखौफी के साथ इतनी बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
फोरेंसिक टीम मौके पर, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही परिवार ने 112 नंबर पर कॉल किया, जिसके बाद थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने फिंगरप्रिंट समेत अहम साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को आशंका है कि चोरों ने ऊपर से किसी सहारे घर में एंट्री की और सीधे उसी कमरे तक पहुंचे, जहां कीमती सामान रखा था, जिससे अंदरूनी जानकारी होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर थाना कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
