सीएम पोर्टल की शिकायतों का असर, नगर निगम-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
बरेली : शहर के पॉश इलाके में बुधवार को प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। गांधी उद्यान से लेकर सर्किट हाउस चौराहे तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिससे इलाके में लंबे समय से चल रही अव्यवस्था पर विराम लगा।
सीएम पोर्टल पर शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासन को मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना था कि सड़क किनारे अवैध दुकानों और ठेलों की वजह से यातायात बाधित हो रहा है, आए दिन जाम की स्थिति बनती है, और क्षेत्र की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, एलआईयू और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
रजाई-गद्दे से लेकर जूते-कपड़ों तक हटाईं अवैध दुकानें
अभियान के दौरान सड़क किनारे लंबे समय से लग रही रजाई-गद्दे, जूते -कपड़े, मेवे और अन्य सामान की अवैध दुकानों को हटाया गया।प्रशासन ने बुलडोजर और ट्रैक्टर की मदद से अतिक्रमण हटाते हुए दुकानदारों का सामान जब्त किया और उसे नगर निगम के स्टोर में जमा कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तय जुर्माना जमा करने के बाद ही जब्त सामान वापस किया जाएगा, ताकि दोबारा अतिक्रमण करने की हिम्मत न हो।
एलआईयू सतर्क, संदिग्धों से पूछताछ, कुछ हिरासत में
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट नजर आईं। एलआईयू की टीम ने कुछ दुकानदारों की भाषा और गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए उनके दस्तावेजों की जांच की। आधार कार्ड चेक किए गए और कड़ी पूछताछ भी की गई। सुरक्षा कारणों से एक-दो लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा गया है।
दुकानदारों में मची अफरा-तफरी, नहीं दी गई कोई ढील
अचानक हुई सख्त कार्रवाई से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग हाथ जोड़कर माफी मांगते और सामान न उठाने की गुहार लगाते नजर आए, लेकिन प्रशासन ने किसी भी तरह की रियायत नहीं दी और पूरे मार्ग को पूरी तरह खाली कराया। अभियान आगे भी रहेगा जारी, प्रशासन की सख्त चेतावनी अधिकारियों का कहना है कि यह एक दिन की कार्रवाई नहीं है। शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर दोबारा इसी इलाके में अतिक्रमण मिला, तो और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
