बोनट से उठे धुएं ने लिया आग का विकराल रूप, फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में पाया काबू
बरेली : बुधवार देर शाम रामपुर रोड मिनी बाईपास स्थित सील किशन होंडा के सामने उस समय अफरा -तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार में देखते ही देखते इतना तेज धमाका और आग भड़की कि आसपास मौजूद लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे।
जानें कैसे भड़की आग?
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार कुछ समय से वहीं खड़ी थी और चालक किसी काम से थोड़ी दूर गया हुआ था। अचानक कार के बोनट से घना धुआं उठता दिखा, लोगों के शोर मचाने से भी पहले ही धुआं तेज आग में बदल गया। भीषण गर्मी और हवा ने आग को और ज्यादा फैलाया। कुछ लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कार चंद ही मिनटों में आग का गोला बन गई।
15 मिनट में बुझी आग, लेकिन कार जलकर राख
घटना की सूचना मिलते ही किला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने लगभग 15 मिनट की मशक्कत से आग को काबू में लिया, लेकिन तब तक कार का बड़ा हिस्सा जल चुका था। आग की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
शहर के किला थाना प्रभारी के अनुसार “आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका है। फॉरेंसिक टीम जांच करेगी। कार स्वामी से पूछताछ जारी है।”घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक दहशत और भीड़ का माहौल बना रहा, जबकि पुलिस ने कार को हटाकर यातायात दोबारा सुचारु कराया।
