बरेली : शहर के थाना कैंट क्षेत्र अंतर्गत लाल फाटक पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भव्य समारोह के बीच किया गया। उद्घाटन एसएसपी अनुराग आर्य द्वारा किया गया। इस मौके पर पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी मौजूदगी देखने को मिली।
एसएसपी बोले,कानून व्यवस्था होगी और मजबूत
उद्घाटन के दौरान एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि नए चौकी भवन के शुरू होने से थाना कैंट क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। जिससे वे और अधिक प्रभावी ढंग से जनता की सेवा कर सकेंगे। उन्होंने पुलिस टीम से जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर शांति, सुरक्षा और विश्वास के साथ कार्य करने की अपील की।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है नया भवन
नवनिर्मित चौकी भवन में आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इससे क्षेत्र में पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ-साथ आम लोगों को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम के अंत में मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने नए चौकी भवन को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। लोगों का कहना है कि इससे इलाके में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा और पुलिस-जनता के बीच भरोसा और बेहतर होगा।

वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में मानुष पारीक (एसपी सिटी), मुकेश चंद मिश्रा (एसपी नॉर्थ) और मोहम्मद अकमल खान (एसपी ट्रैफिक) विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही सभी सर्किल अधिकारी, विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक, पूर्व विधायक पप्पू भरतौल, कैंट क्षेत्र के चेयरमैन और शांति समिति के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
