बरेली : होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बरेली रेंज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
DIG ने दिए सख्त निर्देश
होली को लेकर बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून -व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए और किसी भी शरारती तत्व को बख्शा न जाए।

सुपर जोन से लेकर सब सेक्टर तक सुरक्षा घेरा
पूरे बरेली रेंज को सुरक्षा की दृष्टि से सुपर जोन, जोन, सेक्टर और सब सेक्टर में बांटा गया है। चारों जिलों को मिलाकर कुल 8 सुपर जोन, 41 जोन, 145 सेक्टर और 350 सब सेक्टर बनाए गए हैं। हर स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
होलिका दहन और जुलूसों पर विशेष फोकस
चारों जिलों में हजारों स्थानों पर होलिका दहन होना है, जबकि 100 से ज्यादा छोटे-बड़े जुलूस भी निकाले जाएंगे। खास तौर पर बरेली में रामबारात शोभायात्रा और शाहजहांपुर में पारंपरिक लाट साहब के जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
ड्रोन, CCTV और बॉडी वॉर्न कैमरों से निगरानी
जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरों के साथ रहेंगे, ताकि हर गतिविधि रिकॉर्ड की जा सके। जुलूस मार्गों से पहले ही छतों और रास्तों पर पड़े ईंट-पत्थर हटवाए जा रहे हैं।

11 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी मैदान में
होली के दौरान चारों जिलों में कुल 11 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसमें अधिकारी स्तर से लेकर आरक्षी और महिला पुलिसकर्मी तक शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी, आरआरएफ और रिजर्व फोर्स की कंपनियां भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।
पुराने मामलों के आरोपियों पर कड़ी नजर
पिछले वर्षों में होली के दौरान दर्ज मामलों के आधार पर चिन्हित किए गए आरोपियों और उपद्रवी तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
पुलिस का संदेश: शांति और भाईचारे से मनाएं होली
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
