बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
नए घर में शिफ्टिंग के दौरान घटना
मृतक सिपाही मनोज मौर्य शेरगढ़ के मूल निवासी बताए जा रहे हैं। वह हाल ही में कैंपर स्टेट कॉलोनी स्थित अपने नवनिर्मित मकान में रहने आए थे। बताया गया है कि एक सप्ताह पहले ही इस घर में गृहप्रवेश हुआ था, और उससे पहले वह किराये के मकान में रह रहे थे।
अमरोहा से मुरादाबाद हुआ था ट्रांसफर
जानकारी के अनुसार, मनोज मौर्य की तैनाती पहले अमरोहा में अभियोजन कार्यालय में थी। करीब एक सप्ताह पहले उनका तबादला मुरादाबाद हुआ था। हालांकि, अभी वहां आमद दर्ज नहीं कराई गई थी। वह इन दिनों 20 दिन की छुट्टी पर थे, और अपने नए घर में सामान शिफ्ट कराने में लगे हुए थे।
पत्नी से कहासुनी की भी चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किसी बात को लेकर सिपाही मनोज और उनकी पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद देर शाम मनोज की हालत बिगड़ गई। पत्नी ने परिजनों को फोन कर बताया कि मनोज को हार्ट अटैक आया है।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और मनोज को अचेत अवस्था में शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
क्या बोले थाना प्रभारी सीबी गंज?
इस मामले में थाना प्रभारी सीबीगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। इसलिए आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
इलाके में पसरा सन्नाटा
नए घर में गृहप्रवेश के ठीक अगले दिन सिपाही की मौत से कैंफर स्टेट कॉलोनी और आसपास के इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, पुलिस हर एंगल से मामले की तह तक जाने की बात कह रही है।
