बरेली : कचहरी परिसर स्थित बरेली बार एसोसिएशन में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला जज प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।समारोह का आयोजन बार एसोसिएशन के बैनर तले किया गया।जिसमें अधिवक्ताओं ने पारंपरिक अंदाज़ में अतिथियों का स्वागत किया। बार अध्यक्ष मनोज कुमार हरित और सचिव दीपक पाण्डेय ने चंदन का तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

रंगों में घुला आपसी भाईचारा
होली मिलन समारोह के दौरान अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने एक-दूसरे को अबीर -गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।ब्रज के पारंपरिक होली गीतों पर सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। महिला अधिवक्ताओं की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम में विशेष ऊर्जा और गरिमा जोड़ी। पूरा कचहरी परिसर रंगों और उमंग से सराबोर नजर आया। कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने इसे “परिवार जैसा माहौल” बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पेशेवर जीवन में आत्मीयता और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
जिला जज ने दिया संदेश
मुख्य अतिथि जिला जज प्रदीप कुमार सिंह ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था में कार्यरत सभी लोगों के बीच बेहतर समन्वय और सकारात्मक संवाद से न्यायिक प्रक्रिया और मजबूत होती है।
बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की रही मौजूदगी
इस कार्यक्रम में बार काउंसिल के सदस्य, विभिन्न वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता और न्यायिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रंगों और हंसी-खुशी के इस आयोजन ने कचहरी परिसर को पूरी तरह होलीमय बना दिया।
