बरेली: ड्यूटी में लापरवाही और बिना अनुमति गैरहाजिर रहने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए बरेली पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। एसएसपी के आदेश पर तीन सिपाही और तीन हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है, जबकि एक रिक्रूट सिपाही को चयन रद्द करने का नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक, तीन सिपाही स्वीकृत छुट्टी पर जाने के बाद तय समय पर ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे। कई दिनों तक अनुपस्थित रहने के कारण विभाग ने इनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। ये सिपाही कोतवाली और सिंगल विंडो जैसी जगहों पर तैनात थे।
प्रशिक्षण के दौरान गायब रिक्रूट पर सख्ती
रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे एक रिक्रूट सिपाही ने छुट्टी खत्म होने के बाद रिपोर्ट नहीं की। लगातार गैरहाजिर रहने पर उसके खिलाफ चयन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एलआईयू की गोपनीय जांच में सामने आया कि निलंबित सिपाही और रिक्रूट सिपाही ड्यूटी छोड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इसे सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया है।
महत्वपूर्ण ड्यूटी से नदारद रहने पर हेड कांस्टेबल निलंबित
दो हेड कांस्टेबलों की ड्यूटी अहम जगहों पर लगी थी, लेकिन वे बिना अनुमति ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। एक की ड्यूटी राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की फ्लीट में थी, जबकि दूसरे की बंदी पेशी के लिए कोर्ट में ड्यूटी लगी थी। दोनों मामलों में निलंबन की कार्रवाई की गई।
शराब पीने और दुर्व्यवहार के आरोप
फतेहगंज पूर्वी थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल पर शराब पीकर ड्यूटी करने, अधिकारियों के आदेश न मानने और थाने के कर्मचारियों से बदसलूकी करने के आरोप लगे। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उसे भी निलंबित कर दिया गया।
