बरेली : यूपी के बरेली के भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में एक बंद फैक्टरी से लाखों रुपये की मशीनें और उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है। प्लॉट नंबर 59 स्थित बरेली वुडेन क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड से करीब 10 से 12 लाख रुपये का सामान पार होने का दावा किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि शक की सुई फैक्टरी की सुरक्षा में तैनात चौकीदारों पर ही टिक गई है

कोरोना काल से बंद थी यूनिट
कंपनी के निदेशक अनिल गंगवार के अनुसार फैक्टरी कोरोना काल से बंद पड़ी थी। 2 अगस्त 2025 को जब वह यूनिट दोबारा शुरू करने पहुंचे, तो अंदर से मशीनें, उनके पार्ट्स और जरूरी उपकरण गायब मिले। ताले या दरवाजों पर जबरन तोड़फोड़ के निशान नहीं थे, जिससे अंदरूनी मिलीभगत की आशंका गहराई।
CCTV फुटेज से खुलासा
पास की फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो 25 मई 2025 की रिकॉर्डिंग में दिन का चौकीदार अनुज यादव अपने भाई संजीव यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मशीनों के पार्ट्स बाहर ले जाता दिखा। फुटेज में भारी उपकरणों को व्यवस्थित तरीके से निकालते हुए देखा गया। बताया गया कि चोरी का सामान पहले सामने वाली फैक्टरी में रखा गया और बाद में जुगाड़ गाड़ी के जरिए अन्य स्थान पर भेज दिया गया। पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई ताकि लंबे समय तक किसी को भनक न लगे।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
निदेशक ने 23 फरवरी 2026 को थाने में तहरीर दी। थाना भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने मीडिया को बताया कि अनुज यादव, संजीव यादव और अन्य सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है और मामले की जांच जारी है।
