बरेली : यूपी के बरेली जिले के नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11 बजे बरेली-पीलीभीत हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसा महालक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास हुआ, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज पहुंचाया। उपचार के दौरान युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसके पिता की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है
सिम बंद कराने जा रहे थे पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के गेला टांडा गांव निवासी प्रेमराज किसान हैं और खेती -किसानी से परिवार का पालन -पोषण करते हैं। कुछ दिन पहले उनके बेटे हरपाल का मोबाइल फोन रास्ते में गिर गया था। उसी का सिम बंद कराने के लिए दोनों बुधवार सुबह बाइक से नवाबगंज जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, पिता जिंदगी की जंग लड़ रहे
सीएचसी नवाबगंज में चिकित्सकों ने जांच के बाद हरपाल को मृत घोषित कर दिया। पिता प्रेमराज की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ट्रक कब्जे में, चालक फरार
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बाइक चालक हरपाल ने हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
