बरेली:होली और रमजान जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए बरेली पुलिस ने शांति और कानून-व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शहर में किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए बरेली पुलिस लगातार निगरानी और तैयारी में जुटी है। इसी कड़ी में एसपी सिटी मानुष पारीक ने भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में रोड मार्च किया।
प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च

रोड मार्च की शुरुआत शहर के मुख्य चौराहों से हुई और यह किला, कोतवाली, बड़ा बाजार, शाहमतगंज, सिविल लाइंस जैसे व्यस्त इलाकों से होकर गुजरा। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पैदल मार्च कर स्थिति का जायजा लिया और लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा किया।
राम बारात के रूट पर खास नजर
पुलिस टीम ने खासतौर पर उन मार्गों का निरीक्षण किया, जहां से राम बारात निकाली जानी है। अधिकारियों ने रास्तों में मौजूद संभावित समस्याओं को चिन्हित किया और उन्हें दूर करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने के निर्देश दिए।
23 जुलूस और 850 होलिका दहन स्थल, सुरक्षा पर फोकस
एसपी सिटी ने बताया कि होली के दौरान शहर में करीब 23 जुलूस निकलेंगे और लगभग 850 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इन्हीं बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान महत्वपूर्ण रूटों और कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
व्यापारियों और नागरिकों से संवाद
रोड मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनसे आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग से ही त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकते हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि शांति भंग करने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से दूर रहें।
