बरेली : समाजवादी पार्टी (SP) में शुभलेश यादव का कद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें बरेली का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले वह प्रदेश कमेटी में सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे और अब दोबारा जिले की कमान मिलने से उनका राजनीतिक प्रभाव और मजबूत माना जा रहा है।
जिलाध्यक्ष से प्रदेश सचिव और फिर वापसी
शुभलेश यादव पहले भी बरेली के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय नेतृत्व की छवि बनाई। इसी सक्रियता के चलते उन्हें अगस्त 2023 में प्रदेश सचिव बनाया गया था। अब दोबारा जिलाध्यक्ष बनना उनके बढ़ते कद का संकेत माना जा रहा है।
पार्टी हाईकमान का भरोसा, रणनीति में अहम भूमिका

राजनीतिक गलियारों में शुभलेश यादव को पार्टी का पुराना और वफादार माना जाता है। यही वजह है कि उन्हें संगठन के महत्वपूर्ण फैसलों और चुनावी रणनीतियों में लगातार जिम्मेदारी दी जा रही है।बरेली से लेकर प्रदेश स्तर तक उनकी सक्रिय भूमिका पार्टी के लिए अहम मानी जा रही है।
उत्तराखंड में भी निभा चुके हैं बड़ी जिम्मेदारी
शुभलेश यादव सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहे। वर्ष 2018 में उत्तराखंड निकाय चुनाव के दौरान उन्हें नैनीताल और अल्मोड़ा का प्रभारी बनाया गया था। वहां उन्होंने संगठनात्मक समन्वय और चुनावी रणनीति में सक्रिय योगदान दिया, जिससे पार्टी नेतृत्व का भरोसा और मजबूत हुआ।
PDA के साथ सवर्ण समीकरण साधने की कोशिश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से सपा को पीडीए (पिछड़ा,दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण के साथ-साथ सवर्ण वोट बैंक में भी पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है। बरेली मंडल में उनकी पकड़ इस रणनीति को और प्रभावी बना सकती है।
नेताओं ने दी बधाई, संगठन में उत्साह
उनकी नियुक्ति पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने खुशी जताई है। इसे संगठन को मजबूत करने वाला कदम बताया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। उनके बनने पर सपा के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद समेत सभी नेताओं ने बधाई दी है।
