गाजीपुर कांड पर अखिलेश यादव का हमला, बोले-अब पुलिस भी पीड़ित, 2027 चुनाव की तैयारी तेज करने का आह्वान, महिला आरक्षण पर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “संगठित गिरोह” करार दिया है।उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य एजेंडा समाज में नफरत फैलाना और लोगों के बीच दूरी बढ़ाना है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा का आचरण निम्न स्तर का है और वह समाजवादी कार्यकर्ताओं के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है।
महिला आरक्षण पर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप
समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के साथ छल कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 में संसद से सर्वसम्मति से पास हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ और।प्रोपेगेंडा के जरिए जनता को भ्रमित कर रही है।
“2027 चुनाव में कोई चूक नहीं होनी चाहिए”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि चुनाव बूथ स्तर पर जीता जाता है, इसलिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “दूसरों पर भरोसा नहीं, अपनी ताकत पर निर्भर रहना होगा।”
गाजीपुर कांड पर अखिलेश यादव का हमला, बोले-“अब पुलिस भी पीड़ित”
गाजीपुर में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर हमले के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा है। कटारिया गांव में हुए पथराव में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा समेत कई नेता घायल हुए। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बदहाल है और “भाजपा राज में न गांव सुरक्षित हैं, न शहर।”उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब पुलिस पर भी हमले हो रहे हैं, ऐसे में “पीडीए में ‘P’ से एक नया वर्ग पीड़ित पुलिस जुड़ गया है।”
“भाजपा से जनता का भरोसा खत्म”
सपा प्रमुख ने दावा किया कि जनता का भाजपा से भरोसा खत्म हो चुका है, और 2027 में भाजपा की हार तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले ही विपक्ष की भूमिका में आ चुकी है और यह स्थिति अब स्थायी होती जा रही है।
सरकार बनने पर समस्याओं के समाधान का भरोसा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव से सपा कार्यालय पर रूहेला, सैन सविता, अंसारी और प्रजापति समाज के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात कर अपनी मांगों के ज्ञापन सौंपे। रूहेला समाज ने अपनी अलग पहचान और सरकार में हिस्सेदारी की मांग रखी, जबकि प्रजापति समाज ने गुरु पूर्णिमा पर दक्ष प्रजापति जयंती मनाने का प्रस्ताव दिया। इस दौरान अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया कि सपा सरकार बनने पर सभी समाजों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
पीडीए एकता पर जोर, सामाजिक न्याय की बात
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकता को सपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है और सत्ता में आने पर सभी वर्गों को न्याय मिलेगा। इस बैठक में पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और सीमा राजभर समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
