तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, खाली सिलेंडर होने से टला बड़ा विस्फोट
पीलीभीत : नेशनल हाईवे पर।मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। गजरौला क्षेत्र में सिलेंडरों से भरे ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक हाईवे पर ही।पलट गया, जबकि कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गजरौला पुलिस और एआरटीओ टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
खाली सिलेंडर होने से टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि ट्रक में खाली गैस सिलेंडर भरे हुए थे। यदि सिलेंडर भरे होते, तो यह हादसा बड़े विस्फोट में बदल सकता था। इस वजह से एक बड़ा खतरा टल गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने दोनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
ट्रक के पलटने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया।प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
