ऑनलाइन पोर्टल से खुद करें जनगणना, गांव-शहर में कैंप और ट्रेनिंग की तैयारी
बरेली : यूपी के बरेली में आगामी जनगणना को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में 7 मई से 21 मई 2026 तक चलने वाले स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तय की गई। बैठक में बताया गया कि आम नागरिक अब जनगणना अधिकारी के घर आने से पहले ही https ://se. census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी गणना कर सकते हैं। स्व-गणना से डेटा संग्रह की प्रक्रिया तेज और अधिक सटीक होगी, साथ ही लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी जानकारी दर्ज करने का मौका मिलेगा।
अब खुद भरें अपनी जनगणना!

डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग के प्रत्येक कर्मचारी की स्व-गणना सुनिश्चित करें और आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें। डीएम ने सभी एसडीएम को कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। लेखपालों और ग्राम सचिवों की ट्रेनिंग कर उन्हें गांव-गांव जाकर लोगों को स्व-गणना के लिए जागरूक करने को कहा गया।
गांव से शहर तक अभियान तेज, कैंप, ट्रेनिंग और जागरूकता

नगर निगम को भी शहर क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक शिक्षकों की स्व-गणना कराई जाए और स्कूलों के माध्यम से जागरूकता फैलायी जाए। वहीं, तहसील और ब्लॉक स्तर पर जनजागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्कूल, अस्पताल और ब्लॉक में लगेंगे कैंप

स्वास्थ्य विभाग को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। आशा संगिनी, अस्पतालों, पीएचसी और सीएचसी में विशेष कैंप लगाकर लोगों की स्व-गणना कराई जाएगी। डॉक्टरों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा युवाओं और उच्च शिक्षण संस्थानों को भी अभियान में शामिल करने पर जोर दिया गया है। पंचायत भवनों को सामाजिक संचार केंद्र के रूप में उपयोग कर गांव स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
जन सेवा केंद्र से लेकर पंचायत भवन तक
डीएम ने जन सेवा केंद्र संचालकों, गैर-सरकारी संगठनों, सामुदायिक समूहों, न्यायिक अधिकारियों, बार एसोसिएशन, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को भी इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर कैंप लगाकर लोगों की मौके पर ही स्व-गणना कराने की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव, सभी उपजिलाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
