बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जल्लापुर निवासी 26 वर्षीय अनुज की अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रोज़ी की तलाश में निकला था घर से
मृतक के भाई अजय ने पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते हुए बताया कि अनुज सुबह घर से खाना खाकर रिक्शा लेकर रोज़ी-रोटी के लिए निकला था। वह बुखारा मोड़ के पास एक ग्रिल की दुकान के नजदीक कच्चे में रिक्शा खड़ा कर खड़ा था, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही गई जान, चालक फरार
टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब अनुज को खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।अचानक हुई इस मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मृतक की पत्नी सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं उसका छोटा बेटा पिता के साए से हमेशा के लिए वंचित हो गया।
परिवार का एकमात्र सहारा था अनुज
अनुज रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से पहले भी हादसे हो चुके हैं।
पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस का कहना है कि अज्ञात ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान हो सके।
