बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के मीतीपुर गांव के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
खेत में मिला मांस और हड्डियां, दो सिर भी बरामद
एक संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मीडिया को बताया कि नाला कैनाल के पास एक खेत में मांस और हड्डियों के अवशेष पड़े थे। पुलिस ने मौके पर जांच की तो वहां दो सिर और तीन-चार कट्टों में भरा मांस मिला, जिसे कब्जे में ले लिया गया।
जांच के लिए भेजे गए सैंपल, रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मांस और हड्डियों के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। शुरुआती जांच में यह गोवंश के अवशेष लग रहे हैं, लेकिन इसकी अंतिम पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। बाकी अवशेषों पर भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
बता दें कि पिछले छह महीनों में बहेड़ी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। जनवरी में भी सुकटिया गांव में इसी तरह के अवशेष मिले थे, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि टीम मौके पर मौजूद है और नियम के अनुसार कार्रवाई जारी है।
