एसपी चीफ ने शंकराचार्य मुद्दे से लेकर महिला सुरक्षा, किसान और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘बंगाल में गुंडे’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि क्या गुंडे सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही हैं? उत्तर प्रदेश में भी अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, और सत्ता के संरक्षण में हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, और कई गंभीर घटनाओं में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा। हाथरस समेत कई मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार संवेदनशील मामलों को भी सही तरीके से नहीं संभाल पा रही।
धार्मिक सम्मान के नाम पर हो रहा दिखावा
शंकराचार्य के साथ कथित व्यवहार को लेकर सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि धार्मिक सम्मान के नाम पर दिखावा किया जा रहा है, और जब शंकराचार्य पहुंचे तो उपमुख्यमंत्री वहां मौजूद नहीं थे, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है।उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर यह रवैया जारी रहा तो समाजवादी पार्टी बड़ा फैसला लेने से पीछे नहीं हटेगी।
महिला सुरक्षा और आरक्षण पर हमला
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षा और न्याय देने में नाकाम रही है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिल रहा। उन्होंने लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर, भूमि कब्जों और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाते हुए कहा कि सरकार में लूट और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं से पहले ही जमीनों की खरीद -फरोख्त कर लाभ उठाया जा रहा है।
बिजली, स्वास्थ्य और स्मार्ट मीटर पर घेरा
पूर्व सीएम ने स्मार्ट मीटर योजना को लेकर सरकार पर ‘जनता की जेब काटने’ का आरोप लगाया। इसके साथ ही कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है,और अस्पतालों में मरीजों को सही इलाज नहीं मिल रहा। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों के गेहूं की खरीद ठीक से नहीं हो रही और बिचौलियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियां किसानों की उपज से मुनाफा कमा रही हैं।
लाइन में खड़ी रही जनता, अब वोट से देगी जवाब
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि नोटबंदी, केवाईसी, खाद और गैस सिलेंडर जैसी योजनाओं के नाम पर जनता को बार-बार लाइन में खड़ा किया गया। उन्होंने दावा किया कि अब यही जनता भाजपा के खिलाफ वोट देकर जवाब दे रही है।अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जनता ने भाजपा के खिलाफ बंपर वोटिंग की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए तैयार है।सपा प्रमुख ने PDA (पिछड़ा,दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण पर जोर देते हुए 95% वोटिंग का लक्ष्य तय किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से इसे हासिल करने की अपील की। उन्होंने नया नारा भी दिया“95% वोटिंग कराएंगे, अपनी PDA सरकार बनाएंगे।”
गाजीपुर कांड पर अखिलेश यादव का हमला-‘PDA को तोड़ने की साजिश कर रही भाजपा’

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने गाजीपुर की घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा PDA (पिछड़ा, दलित,अल्पसंख्यक) की एकता से घबराकर अब परिवारों को निशाना बना रही है और समाज में दरार डालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी राजनीतिक हताशा में पीडीए परिवारों के खिलाफ साजिशें रच रही है, लेकिन सच्चाई जल्द सामने आएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि समाज को बांटने की कोशिश एक बड़ा सामाजिक अपराध है। सपा प्रमुख ने भाजपा पर अन्याय, अत्याचार और अनैतिकता का आरोप लगाते हुए गाजीपुर की घटना को “घोर निंदनीय” बताया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
जवाब नहीं तो FIR, वोट के लिए ला रहे आरक्षण’

उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब भाजपा के पास सवालों के जवाब नहीं होते, तो वह एफआईआर का सहारा लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रही है और आरक्षण का मुद्दा केवल वोट के लिए उठा रही है। सपा प्रमुख के मुताबिक, सरकार महिलाओं के वास्तविक संरक्षण और सशक्तिकरण को लेकर गंभीर नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों में “खोट” है और वह जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे कदम उठा रही है।
10 साल में एक भी प्लांट नहीं, स्मार्ट मीटर से जनता परेशान’
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीते 10 वर्षों में सरकार ने कितने बिजली उत्पादन के प्लांट लगाए और आरोप लगाया कि एक भी नया थर्मल प्लांट स्थापित नहीं किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने सोलर प्लांट भी केवल अपने करीबियों को लाभ पहुंचाने के लिए लगाए हैं। साथ ही उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना को लेकर आरोप लगाया कि इससे जनता को राहत नहीं, बल्कि परेशानियां बढ़ी हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार बिजली के मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है और जनता को मूलभूत सुविधाओं के नाम पर केवल परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ममता बनर्जी की जीत का दावा
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने ममता बनर्जी की जीत का दावा किया और कहा कि वहां जनता भाजपा को जवाब देने जा रही है।
