तेज रफ्तार और मोबाइल पर बात करते ड्राइवर की लापरवाही आई सामने, हादसे के बाद चालक फरार
बरेली : यूपी के पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ कला गांव के पास एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। बताया जा रहा है कि यह वैन लिटिल स्टार अकादमी स्कूल की थी। जिसमें कुल 26 बच्चे सवार थे। हादसे के दौरान करीब 10 बच्चे घायल हो गए। जिनमें कुछ को हल्की और कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
टक्कर से पोल भी टकराया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन तेज रफ्तार में थी, और अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। जिससे वाहन सीधे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल जड़ से उखड़कर गिर गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उस समय बिजली की आपूर्ति बंद थी, वरना यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।
ड्राइवर मौके से फरार
हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से वैन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को दूसरी वैन से अस्पताल पहुंचाया गया।प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि ड्राइवर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और हादसा हो गया।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
