बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक अवैध कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यह कॉलोनी लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना किसी स्वीकृति के विकसित की जा रही थी।
बिना नक्शा पास कराए हो रहा था प्लॉटिंग और निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार मोहम्मद इस्लाम और मोहम्मद वजरुद्दीन द्वारा ग्राम बिचपुरी में बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति के भूखंडों का चिन्हांकन किया जा रहा था। यहां सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध कॉलोनी का निर्माण तेजी से किया जा रहा था।
टीम ने की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
इस अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में की गई। इस दौरान सहायक अभियंता विनोद कुमार, अवर अभियंता सीताराम सहित पूरी प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वस्त हुई अवैध कॉलोनी
प्राधिकरण ने साफ किया है कि उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत बिना स्वीकृत नक्शे के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ऐसी किसी भी गतिविधि पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी नक्शा स्वीकृति की पूरी जांच जरूर करें, अन्यथा भविष्य में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
